Crime News: फर्जी मैरिज ब्यूरो के जरिए शादी का झांसा देकर हजारों लोगों से 150 करोड़ की ठगी, दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार

post 44

Crime News: फर्जी मैरिज ब्यूरो के जरिए शादी का झांसा देकर हजारों लोगों से 150 करोड़ की ठगी, दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Crime News: राजस्थान में फर्जी मैरिज ब्यूरो के जरिए भोले-भाले लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह तक पहुंचने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे इस गैंग के दो अहम आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह खासतौर पर ग्रामीण इलाकों के लोगों को शादी का झांसा देकर ठगता था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गैंग ने अब तक हजारों लोगों से करीब 150 करोड़ रुपये की ठगी की है।

शादी के नाम पर बनाया ठगी का जाल:-

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहले एक संगठित गिरोह बनाया और शादी कराने के नाम पर फर्जी मैरिज ब्यूरो शुरू किया। इसका व्यापक प्रचार-प्रसार कर लोगों को यह भरोसा दिलाया गया कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों की शादी में दहेज का पूरा सामान दिया जाएगा। इसके लिए लोगों से पहले रजिस्ट्रेशन कराया गया और एक लड़की की शादी के नाम पर 1.50 लाख रुपये जमा करवाए गए।

आरोपियों ने यह भी दावा किया कि शादी के दिन 70 हजार रुपये नकद, दहेज का सामान और मोटरसाइकिल दी जाएगी। भरोसा जीतने के लिए शुरुआत में कुछ शादियां करवाई गईं, जिससे लोगों का विश्वास बढ़ा।

हजारों लोगों से वसूले करोड़ों रुपये:-

विश्वास कायम होने के बाद आरोपियों ने कई गांवों में अपने एजेंट तैनात कर रजिस्ट्रेशन शुरू करवा दिए। इस तरीके से हजारों लोगों से करोड़ों रुपये वसूले गए। इसके बाद आरोपी अचानक पैसे लेकर फरार हो गए।

लंबे समय से पुलिस को थी तलाश:-

मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। कैथवाड़ा थाना प्रभारी सुल्तान सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों सैकुल और असरू को गिरफ्तार कर लिया। दोनों लंबे समय से फरार थे।

एसपी ओमप्रकाश मीणा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ करीब 50 से अधिक मामले दर्ज हैं। दोनों को पहले भी दो मामलों में गिरफ्तार किया जा चुका था, लेकिन जमानत पर बाहर आने के बाद वे फरार हो गए। पुलिस से बचने के लिए आरोपी लगातार ठिकाने और भेष बदल रहे थे। फिलहाल पुलिस उनसे गहन पूछताछ कर रही है और गैंग से जुड़े अन्य लोगों व उनकी संपत्तियों की जानकारी जुटा रही है।