पत्नी ने किया सुसाइड, दवा लेने बाहर गया था पति, लौटने पर मचा हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी
पत्नी ने किया सुसाइड, दवा लेने बाहर गया था पति, लौटने पर मचा हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी
Rajasthan News: सीकर जिले के नीमकाथाना क्षेत्र में एक शिक्षण संस्थान में महिला द्वारा आत्महत्या का मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के खेतड़ी मोड़ स्थित अमेरिकन इंस्टीट्यूट में महिला का शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को नीचे उतरवाकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार नारनौल निवासी मनोज यादव और उनकी पत्नी पूनम यादव खेतड़ी मोड़ पर अमेरिकन इंस्टीट्यूट का संचालन करते थे। बताया गया है कि पूनम पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं। इसी कारण उनकी दवाइयों के लिए मनोज जयपुर गए हुए थे। इसी दौरान पूनम ने कथित रूप से यह कदम उठा लिया।
घटना का खुलासा तब हुआ जब एक छात्र इंस्टीट्यूट पहुंचा और महिला को फंदे पर लटका देखा। उसने तत्काल आसपास के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को अवगत कराया गया।
कोतवाली थाने के सब इंस्पेक्टर विद्याधर शर्मा ने बताया कि महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।