बीकानेर में महिला की अर्द्धनग्न लाश मिली, मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों को दिखी

बीकानेर में महिला की अर्द्धनग्न लाश मिली, मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों को दिखी
बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में मंगलवार सुबह वन विभाग क्षेत्र में अर्धनग्न हालत में महिला की लाश मिली। सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने शव को देखा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर अपने कब्जे में ले लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। प्रारंभिक जांच में महिला की पहचान हो चुकी है, जबकि उसका पति घर से गायब है, जिसकी तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार, श्रीडूंगरगढ़ कस्बे से कुछ दूरी पर स्थित वन विभाग क्षेत्र में रोजाना बड़ी संख्या में लोग मॉर्निंग वॉक के लिए जाते हैं। मंगलवार सुबह भी कुछ लोग वहां पहुंचे तो उन्हें एक महिला का शव दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार, महिला का पति मूल रूप से झालावाड़ जिले के एक गांव का निवासी बताया जा रहा है। वर्तमान में श्रीडूंगरगढ़ कस्बे में रह रहा था। पुलिस जब उसके घर पहुंची तो वह वहां नहीं मिला। इसके बाद उसे संदिग्ध मानते हुए उसकी तलाश तेज कर दी गई है।