Accident News: डेजर्ट सफारी के दौरान पलटी तेज रफ्तार जीप, 18 लोग घायल

Accident News: अजमेर के पुष्कर में गुरुवार को डेजर्ट सफारी के दौरान एक बड़ा हादसा सामने आया। रेतीले धोरों में तेज रफ्तार से दौड़ रही एक जीप अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में उदयपुर से पुष्कर घूमने आए एक ही परिवार के 18 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुष्कर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार उदयपुर के निकट बलाना कलां गांव निवासी पंकज जैन ने जानकारी दी कि वह मुंबई में व्यवसाय करते हैं और परिवार के 18 सदस्यों के साथ पुष्कर घूमने आए थे। इसी दौरान रेतीले धोरों में डेजर्ट सफारी करते समय परिवार के सभी सदस्य एक जीप में सवार थे, तभी अचानक वाहन असंतुलित होकर पलट गया। हादसे में परिवार के कई सदस्यों के सिर, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं, जबकि एक सदस्य की कमर में गंभीर चोट बताई जा रही है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह?
पर्यटक परिवार के सदस्यों का आरोप है कि चालक जीप को धोरों में काफी तेज गति से चला रहा था। उन्होंने कई बार वाहन धीरे चलाने के लिए कहा, लेकिन चालक ने उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया। परिवार का यह भी कहना है कि सदस्यों की संख्या अधिक होने के कारण उन्होंने दो अलग-अलग जीप की मांग की थी, लेकिन संचालक ने सभी को एक ही वाहन में बैठा दिया और इसे पर्याप्त बताया।
ये लोग हुए घायल:-
हादसे में शैलेन्द्र जैन, रूपी देवी, टीना जैन, पलक, संयम, पंकज जैन, अनुशिका, कल्पना, रौनक, हिमानी, सुनील जैन, रेखा, विरल, समयक, निर्मल, मनीषा, विधिका और नक्ष घायल हुए हैं। घायलों में छह लोगों को ज्यादा चोट आई है। इन्हें जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे हादसे:-
पुष्कर में डेजर्ट सफारी के दौरान पहले भी हादसे सामने आ चुके हैं। जानकारी के मुताबिक क्षेत्र में करीब 60 डेजर्ट सफारी वाहन संचालित हो रहे हैं। वर्ष 2022 में भी एक सफारी वाहन पलटने से नौ पर्यटक घायल हो गए थे। प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक यहां सफारी का आनंद लेने पहुंचते हैं। वहीं, कई वाहनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और बिना परमिट संचालन को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं।