दर्दनाक हादसा: चलती कार बनी आग का गोला, पूर्व सरपंच और जिला परिषद सदस्य समेत 4 लोग जिंदा जले

अजमेर जिले से गुरुवार सुबह एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। बोराडा थाना क्षेत्र के अराई रोड पर एक चलती कार अचानक आग का गोला बन गई। इस भीषण हादसे में कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। सीओ ग्रामीण आयुष वशिष्ठ ने कहा कि उच्च अधिकारियों के निर्देशन में पूरे मामले की जांच की जा रही है।

मृतकों की पहचान कांग्रेसी नेता एवं पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी, उनकी पत्नी और जिला परिषद सदस्य सुरज्ञान, उनकी मां पूर्व सरपंच पुसी देवी तथा भांजी महिमा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रामसिंह चौधरी अपनी बीमार मां को इलाज के लिए अस्पताल लेकर जा रहे थे। इसी दौरान अराई रोड पर अचानक कार से धुआं निकलना शुरू हुआ और कुछ ही देर में वाहन ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते कार पूरी तरह आग की लपटों में घिर गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी भीषण थी कि कार में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था। घटना की सूचना मिलते ही बोराडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके साथ ही अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला एफएसएल (FSL) और एमओबी (MOB) टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे को लेकर क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट का मामला मान रहे हैं, जबकि कुछ ग्रामीणों ने कार में आग लगाकर हत्या किए जाने की आशंका भी जताई है। सीओ ग्रामीण आयुष वशिष्ठ ने बताया कि पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है। तकनीकी खराबी समेत अन्य कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।