पूरे परिवार को जेल भिजवाने की बहू दे रही थी धमकी, सास ने जहरीला पदार्थ खाकर दी जान

7

पूरे परिवार को जेल भिजवाने की बहू दे रही थी धमकी, सास ने जहरीला पदार्थ खाकर दी जान
हनुमानगढ़। जिले में पारिवारिक विवाद और मानसिक प्रताड़ना से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जहां कथित रूप से लगातार तनाव और धमकियों से परेशान होकर एक महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के पति ने पुत्रवधू सहित उसके माता-पिता पर प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का आरोप लगाते हुए टाउन थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार टाउन क्षेत्र के वार्ड नंबर 34 स्थित गंगा विहार निवासी ने रिपोर्ट दी कि उसके पुत्र का विवाह करीब आठ वर्ष पहले संगरिया निवासी महिला से हुआ था। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि विवाह के बाद से ही पारिवारिक विवाद लगातार बढ़ता रहा और घर में अक्सर तनाव की स्थिति बनी रहती थी।
परिवादी के अनुसार पुत्रवधू परिवार को दहेज के झूठे मामले में फंसाने और आत्महत्या कर पूरे परिवार को जेल भिजवाने की धमकियां देती थी। आरोप है कि इस मामले में उसके पिता और माता भी उसका साथ देते थे। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि परिवार की दुकान से होने वाली आय अपने पास रखती थी और संपत्ति अपने नाम करवाने को लेकर भी अक्सर विवाद करती थी। इन मामलों को लेकर कई बार पंचायत स्तर पर समझौते के प्रयास भी किए गए, लेकिन स्थिति सामान्य नहीं हो सकी।