पकड़ा गया 25 हजार का इनामी नकल माफिया, कार से आ रहा था मास्टरमाइंड

6

पकड़ा गया 25 हजार का इनामी नकल माफिया, कार से आ रहा था मास्टरमाइंड

जोधपुर पूर्व पुलिस के दो सजग कॉन्स्टेबलों ने आयुष मंत्रालय की भर्ती परीक्षा में नकल कराने वाले एक बड़े गिरोह के मास्टरमाइंड को पकड़वाने में अहम भूमिका निभाई है। कोटा पुलिस को इस इनामी अपराधी की लंबे समय से तलाश थी और उस पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। यह बदमाश अपनी कार से जोधपुर के भदवासिया फ्रूट मंडी इलाके से गुजर रहा था, तभी गश्त कर रहे पुलिस जवानों ने नाकाबंदी कर उसे दबोच लिया। बाद में इसे कोटा की आरके पुरम थाना पुलिस को सौंप दिया गया।

दरअसल, जोधपुर पूर्व के महामंदिर थाने के कॉन्स्टेबल राकेश सिंह और बनाड़ थाने के कॉन्स्टेबल माणकचन्द मूंड गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें मुखबिर से इस वांछित अपराधी के जोधपुर में होने की सटीक सूचना मिली। सूचना में बताया गया कि 25 हजार रुपए का इनामी अपराधी अपने एक साथी के साथ सफेद रंग की कार में सवार होकर भदवासिया फ्रूट मंडी की तरफ आ रहा है। इस इनपुट पर कार्रवाई करते हुए दोनों जवानों ने फ्रूट मंडी तिराहे पर सघन नाकाबंदी कर दी। कुछ ही देर में संदिग्ध कार वहां पहुंची, जिसे रुकवाकर जब पूछताछ की गई तो उसमें सवार व्यक्ति की पहचान करौली के थाना महावीरजी के बिनेगा निवासी अशोक मीणा (31) पुत्र मुल्याराम के रूप में हुई। जोधपुर पुलिस ने उसे तुरंत डिटेन कर लिया। इस पूरी कार्रवाई में कॉन्स्टेबल राकेश सिंह की विशेष भूमिका रही।