Weather Update : मौसम विभाग की भविष्यवाणी, राजस्थान में 10-12 जनवरी तक घने से अत्यंत घने कोहरे का अलर्ट
Weather Update : मौसम विभाग की भविष्यवाणी, राजस्थान में 10-12 जनवरी तक घने से अत्यंत घने कोहरे का अलर्ट
Weather Update: पहाड़ी इलाकों में हो रही लगातार बर्फबारी के चलते उत्तरी भारत से आ रही सर्द हवाओं का असर राजस्थान में साफ दिखाई दे रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में घना कोहरा, शीतदिन और शीतलहर का दौर जारी है। शुक्रवार सुबह अलवर जिले के सोडावास सहित आसपास के गांवों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई।
मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार अगले 2-3 दिनों तक पश्चिमी राजस्थान, बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर, भरतपुर और कोटा के कई इलाकों में घने से अत्यंत घने कोहरे की संभावना है। कोहरे और बादलों की वजह से तापमान में भी गिरावट बनी रहेगी और अगले कुछ दिनों तक पारा सामान्य से करीब 6 डिग्री सेल्सियस नीचे रह सकता है। मौजूदा ठंड की स्थिति प्रदेश में आगामी 4 से 5 दिनों तक बनी रहने की संभावना जताई गई है।
अधिकांश इलाकों में मौसम रहेगा शुष्क:-
IMD के वैज्ञानिक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बीते 24 घंटों में शेखावाटी क्षेत्र और जयपुर के उत्तरी हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई है। फिलहाल उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बादल छाए हुए हैं, हालांकि आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
घने कोहरे का अलर्ट जारी:-
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 2-3 दिन कोहरे की तीव्रता और बढ़ सकती है। खासतौर पर पश्चिमी राजस्थान, बीकानेर, शेखावाटी, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग में दृश्यता बेहद कम रह सकती है।
जयपुर में सीजन की सबसे सर्द रात:-
राजधानी जयपुर में सर्दी का असर तेज हो गया है। बुधवार-गुरुवार की रात न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि गुरुवार सुबह 10 बजे के बाद धूप निकलने से कोहरे से कुछ राहत मिली।
8 शहरों में रात का पारा पांच डिग्री से कम:-
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के आठ शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। इनमें पिलानी सबसे ठंडा रहा।
न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस):
- पिलानी: 2.5
- जैसलमेर: 3.3
- अलवर: 4.0
- जयपुर: 4.4
- वनस्थली: 4.6
- माउंट आबू: 4.6
- झुंझुनूं: 4.7
- सिरोही: 4.9
जैसलमेर बना प्रदेश का दूसरा सबसे ठंडा शहर:-
सीमावर्ती जैसलमेर शीतलहर की चपेट में है। यहां न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जबकि अधिकतम तापमान भी 17.8 डिग्री पर सिमट गया। प्रदेशभर में जैसलमेर, सीकर के बाद दूसरा सबसे ठंडा शहर दर्ज किया गया।