Suicide: जिस बेटे को पिता ने दी किडनी, उसी ने अब की खुदकुशी; बेबस पिता का रो-रोकर बुरा हाल
Suicide: जिस बेटे को पिता ने दी किडनी, उसी ने अब की खुदकुशी; बेबस पिता का रो-रोकर बुरा हाल
जयपुर। राजधानी के सवाई मानसिंह अस्पताल में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। सुपर स्पेशियलिटी बिल्डिंग की छठी मंजिल से कूदकर एक मरीज ने आत्महत्या कर ली। घटना सुबह करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान टोंक जिले के मालपुरा निवासी हंसराज जाट के रूप में हुई है। अचानक हुई इस घटना से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार हंसराज पिछले करीब डेढ़ महीने से एसएमएस अस्पताल में उपचाररत था। साढ़े तीन महीने पहले उसका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था, जिसमें उसके पिता गोगा राम ने किडनी दान की थी। सफल ट्रांसप्लांट के बाद कुछ समय तक उसकी हालत सामान्य रही, लेकिन हाल ही में तबीयत बिगड़ने पर उसे दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गुरुवार सुबह हंसराज अचानक छठी मंजिल पर पहुंचा और रेलिंग के पास जाकर नीचे कूद गया। वह बिल्डिंग के पोर्च में गिरा, जिससे गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज आवाज सुनकर अस्पताल स्टाफ और सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत ट्रोमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया।
मृतक के पिता गोगा राम ने बताया कि बेटे के इलाज पर अब तक करीब 12 लाख रुपए खर्च हो चुके थे। घटना के समय वे वार्ड में ही मौजूद थे। चाय पीने के बाद बेटा बाहर गया और कुछ ही देर में यह हादसा हो गया।
डॉक्टरों के अनुसार ट्रांसप्लांट के बाद लगभग दो महीने तक किडनी ठीक से काम कर रही थी, लेकिन बाद में जटिलताएं सामने आने लगीं, जिसके चलते हंसराज को फिर से भर्ती किया गया था।
हंसराज अपने परिवार का पालन-पोषण करने के लिए जयपुर के 22 गोदाम स्थित एमजीएफ मॉल में नौकरी करता था। उसके दो छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक की लहर फैल गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।