बीकानेर: पुरानी रंजिश में युवक पर हमला, लाठी से वार किया, चार के खिलाफ मामला दर्ज

बीकानेर: पुरानी रंजिश में युवक पर हमला, लाठी से वार किया, चार के खिलाफ मामला दर्ज
बीकानेर। नापासर थाना क्षेत्र के सिंथल गांव में पुरानी रंजिश के चलते युवक और उसके भाई पर हमला किया गया। इस हमले में युवक के सिर और आंख पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बीच-बचाव करने आए उसके भाई को भी चोटें लगीं। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाधिकारी सुषमा शेखावत ने बताया कि सिंथल निवासी लालूराम गर्ग बेटा ओमप्रकाश गर्ग ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार 13 मई की शाम को लालूराम अपने बड़े भाई भगाराम गर्ग के साथ बाजार स्थित रामदेवजी मंदिर के पास से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर देवकिशन गर्ग ने पीछे से लालूराम के सिर पर लाठी से हमला कर दिया, जिससे उनके माथे पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा।
रिपोर्ट में बताया गया है कि इसके बाद मोहनलाल गर्ग ने लालूराम की आंख और चेहरे पर मुक्कों से हमला किया। जब भाई भगाराम बीच-बचाव करने आए, तो उन पर भी लाठी से वार किया गया, जिससे उनके कान और कंधे पर चोटें आईं। आरोप है कि अरुण गर्ग और पंकज गर्ग ने भी गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने घायल लालूराम गर्ग का मेडिकल परीक्षण करवाया है। इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच एएसआई गोकुल चंद मीणा को सौंपी गई है।