बीकानेर: खेत में कृषि कार्य के दौरान बिगड़ी तबीयत, युवक की इलाज के दौरान मौत

बीकानेर: खेत में कृषि कार्य के दौरान बिगड़ी तबीयत, युवक की इलाज के दौरान मौत
बीकानेर। बज्जू थाना पुलिस क्षेत्र के गांव बांगड़सर में खेत पर कृषि कार्य के दौरान हुए हादसे में एक युवक की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार परिवादी महेंद्र सिंह पुत्र प्रताप सिंह, निवासी बांगड़सर ने रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए बताया कि 12 मई 2026 की सुबह उनका भतीजा सुरेंद्र सिंह पुत्र विशाल सिंह (35) खेत में कृषि कार्य कर रहा था। इसी दौरान स्प्रे चढ़ने से उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों ने गंभीर हालत में उसे बज्जू अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया। पीबीएम अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।