बड़े भाई ने की छोटे भाई की पत्नी की हत्या, सिर पर लोहे की रॉड से किए ताबड़तोड़ वार

बड़े भाई ने की छोटे भाई की पत्नी की हत्या, सिर पर लोहे की रॉड से किए ताबड़तोड़ वार
डूंगरपुर। ओबरी थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बिलिया बड़गामा के राजपुर गांव में सोमवार सुबह रिश्तों को तार-तार करने वाली वारदात सामने आई। यहां बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की पत्नी पर लोहे की रॉड से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात उस समय हुई जब मृतका का पति काम के सिलसिले में घर से बाहर गया हुआ था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जेठ को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। फिलहाल हत्या का कारण सामने नहीं आया हैं। ओबरी थानाधिकारी सीआई रमेश कुमार कटारा ने बताया कि राजपुर निवासी शांतिलाल भगोरा पिछले 20 वर्षों से बाहर मजदूरी करता था और बीते पांच माह से गांव में ही रह रहा था। उसका छोटा भाई जीवतराम एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत है। सोमवार सुबह करीब 9 बजे जीवतराम काम के सिलसिले में बांसवाड़ा के कुशलगढ़ के लिए निकला था। पति के जाते ही आरोपी शांतिलाल हाथ में लोहे की रॉड लेकर छोटे भाई के कमरे में घुस गया और वहां मौजूद प्रेमिला के सिर पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। हमले के दौरान प्रेमिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर दौड़े, लेकिन तब तक प्रेमिला लहूलुहान होकर फर्श पर गिर चुकी थी। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे राजपुर गांव में हड़कंप मच गया। बताया गया कि प्रेमिला के एक लड़की व एक लड़का हैं।