Rajasthan: मिस्टर इंडियन हैकर के चक्कर में घर छोड़ रहे मासूम, बढ़ते मामलों पर CWC चिंतित, यूट्यूबर को दी सख्त हिदायत

post 1011 (1)

Rajasthan: मिस्टर इंडियन हैकर के चक्कर में घर छोड़ रहे मासूम, बढ़ते मामलों पर CWC चिंतित, यूट्यूबर को दी सख्त हिदायत

Rajasthan News: राजस्थान सरकार की चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) ने कम उम्र में बच्चों के अकेले घर छोड़कर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से मिलने के बढ़ते मामलों पर गहरी चिंता जताई है। समिति का कहना है कि इस तरह की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन रही हैं। इसे देखते हुए अब सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से अपील की जाएगी कि वे अपने कंटेंट के माध्यम से बच्चों को इस तरह के व्यवहार से रोकें, न कि अनजाने में उन्हें प्रोत्साहित करें।

CWC की दिलराज को कड़ी चेतावनी:-

बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष अंजलि शर्मा ने स्पष्ट किया कि दिलराज उर्फ ‘मिस्टर इंडियन हैकर’ से मिलने के लिए बच्चों द्वारा घर छोड़ने के यह तीसरा या चौथा मामला सामने आया है, जो बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के प्रभाव में बच्चे बिना सोचे-समझे लंबी दूरी की यात्रा कर रहे हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंकाएं पैदा हो रही हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग की ओर से दिलराज को चेतावनी दी गई है कि वे अपने हर वीडियो में स्पष्ट संदेश दें कि बच्चे उनसे मिलने के लिए घर से न निकलें और माता-पिता की जानकारी के बिना कहीं यात्रा न करें।

इन्फ्लुएंसर से मिलने की चाह में लंबा सफर:-

CWC अध्यक्ष के अनुसार हाल ही में एक 12 वर्षीय बच्चा अपने पसंदीदा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर से मिलने के उद्देश्य से यूपी के बलिया से अजमेर पहुंच गया। काउंसलिंग के दौरान बच्चे ने बताया कि वह सोशल मीडिया सेलिब्रिटी बनना चाहता है और वीडियो बनाकर लोगों से मिलना उसका सपना है। बच्चे ने करीब 1126 किलोमीटर की दूरी तय की, जो उसकी उम्र और सुरक्षा के लिहाज से बेहद जोखिमभरा था।

इन्फ्लुएंसर और अभिभावकों की भूमिका अहम:-

अंजलि शर्मा ने कहा कि ऐसे मामलों में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और अभिभावकों—दोनों को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। विभाग चाहता है कि बड़े कंटेंट क्रिएटर्स अपने प्लेटफॉर्म का उपयोग बच्चों को जागरूक करने के लिए करें, न कि उन्हें जोखिम भरे कदम उठाने के लिए प्रेरित करें। साथ ही माता-पिता को भी बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखने और उनसे खुलकर संवाद करने की आवश्यकता है। CWC का मानना है कि समय रहते सख्ती और जागरूकता से इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सकती है।

कौन हैं ‘मिस्टर इंडियन हैकर’:-

दिलराज सिंह, जिन्हें ‘मिस्टर इंडियन हैकर’ के नाम से जाना जाता है, एक प्रसिद्ध यूट्यूबर और कंटेंट क्रिएटर हैं। वे साइबर सिक्योरिटी, तकनीकी प्रयोग, DIY और साइंस आधारित वीडियो के लिए लोकप्रिय हैं। उनके यूट्यूब चैनल MR. INDIAN HACKER पर करोड़ों सब्सक्राइबर हैं और वे अपने रचनात्मक व शिक्षाप्रद कंटेंट से युवाओं के बीच खास पहचान रखते हैं।