दर्दनाक हादसा: निर्माणाधीन मकान के टैंक में डूबने से दो मासूम बच्चियों की मौत, परिजनों में पसरा मातम

post 91 (1)

जयपुर के शिप्रापथ इलाके में एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। जगन्नाथपुरी सेकेंड क्षेत्र में खेलते समय दो मासूम बच्चियां पास ही बन रहे मकान के पानी से भरे टैंक में गिर गईं, जिससे उनकी डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, दोनों बच्चियां शाम करीब 7:15 बजे घर से खेलने के लिए निकली थीं। रोज की तरह वे आसपास ही खेल रही थीं, लेकिन 15-20 मिनट तक वापस नहीं लौटीं तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिजन और पड़ोसियों ने मिलकर उनकी तलाश शुरू की।

चप्पलों से लगा सुराग:-

तलाश के दौरान पास में निर्माणाधीन मकान के टैंक के पास बच्चियों की चप्पलें मिलीं। संदेह होने पर जब टैंक में देखा गया तो दोनों बच्चियां पानी में पड़ी नजर आईं। यह देख मौके पर हड़कंप मच गया। तुरंत उन्हें बाहर निकालकर जयपुरिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

टैंक में 6 फीट पानी भरा था:-

बताया जा रहा है कि टैंक करीब 8 फीट गहरा था और उसमें लगभग 6 फीट तक पानी भरा हुआ था। मौके पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण समय रहते किसी का ध्यान उस ओर नहीं जा सका।

पड़ोसी परिवारों की बच्चियां थीं:-

पुलिस के अनुसार, हादसे में बिहार निवासी राधिका (5) और उत्तर प्रदेश निवासी गोसिया (5) की मौत हुई है। दोनों परिवार जयपुर में किराए के मकान में रहते थे और आपस में पड़ोसी थे। राधिका के पिता मजदूरी करते हैं, जबकि गोसिया के पिता विकलांग हैं और ठेले पर मोबाइल एसेसरीज बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।

पहले भी उसी जगह खेलती थीं:-

स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों बच्चियां दिन में भी कई बार उसी टैंक के आसपास खेलती देखी गई थीं। शाम को दोबारा वहां पहुंचने पर यह हादसा हो गया।

इस घटना के बाद लोगों ने निर्माणाधीन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।