Crime News: कार पर पुलिस का लोगो लगाकर मादक पदार्थों की तस्करी, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

Crime News: भीलवाड़ा, जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जिला विशेष टीम और बिजोलिया थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में डोडा चूरा बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों तकदीर सिंह और दलजीत सिंह को उस समय पकड़ा गया, जब वे पुलिस का लोगो लगी एक लग्जरी कार में अवैध मादक पदार्थ की तस्करी कर रहे थे। तलाशी के दौरान कार से 246 किलो 620 ग्राम डोडा चूरा, एक पिस्टल, दो मैगजीन और 21 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। जब्त किए गए मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 37 लाख रुपये आंकी गई है।
भीलवाड़ा एसपी धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि जिले में मादक पदार्थ तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में बिजोलिया थाना प्रभारी स्वागत पांड्या के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने एनएच-27 पर केसरंगज कट के पास नाकाबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध सफेद कार को रुकवाकर जांच की गई, जिसमें दो व्यक्ति बैठे हुए थे। उनका नाम-पता पूछा तो कार चालक ने अपना नाम पंजाब निवासी 27 वर्षीय तकदीर सिंह पुत्र करमजीत सिंह व 37 वर्षीय दलजीत सिंह बताया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।