मारपीट कर बस से नीचे फेंका, इलाज के दौरान मौत; मोर्चरी के बाहर जुटे लोग

श्रीडूंगरगढ़। स्टेट हाईवे पर जेतासर के पास 30 अप्रैल को घायल अवस्था में मिले आडसर पुरोहितान निवासी हड़मान नायक की इलाज के दौरान सोमवार को पीबीएम अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया, जिसके चलते बड़ी संख्या में नायक समाज के लोग पीबीएम मोर्चरी के बाहर एकत्र हो गए।
मामले को लेकर सोमवार शाम समाज के लोग श्रीडूंगरगढ़ थाने भी पहुंचे और नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मौके पर मौजूद शंकरलाल नायक ने बताया कि मंगलवार सुबह से मृतक के परिजन और समाज के लोग—जिनमें जगदीश नायक, ओमप्रकाश, कुन्दन नायक (सूडसर), शिवल नायक (सावंतसर), जोधाराम नायक (बादनूं) सहित अन्य—मोर्चरी के बाहर धरना देकर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि इस मामले में मृतक के भाई जगदीश नायक ने धीरदेसर पुरोहितान निवासी सुभाष, नेतराम, किशनाराम और सहीराम के खिलाफ आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।