Crime News: संदिग्ध मौत का खुलासा, पत्नी की गला घोंटकर हत्या; आरोपी पति गिरफ्तार

Crime News: जयपुर, प्रतापनगर थाना क्षेत्र में 22 अप्रैल को हुई महिला की संदिग्ध मौत के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मेडिकल जांच में पुष्टि हुई है कि महिला की मौत दम घुटने से हुई, जिसके बाद मामला हत्या में बदल गया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, कोटा रेलवे स्टेशन क्षेत्र की सरस्वती कॉलोनी निवासी वीरेंद्र लोधी (40) और उसकी पत्नी मीरा के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि मीरा बार-बार पीहर जाने की जिद कर रही थी, जिससे दोनों के बीच तनाव बढ़ता जा रहा था।
22 अप्रैल को विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पहले पत्नी के साथ मारपीट की और बाद में चुन्नी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने सबूत छिपाने और परिजनों को गुमराह करने की कोशिश की। वह अपने दो बच्चों को साथ लेकर पत्नी के शव को कार में रखकर जयपुर से कोटा ले गया।
रास्ते में उसने ससुराल पक्ष को फोन कर मीरा की तबीयत खराब होने की जानकारी दी, लेकिन कुछ देर बाद उसकी मौत की सूचना देकर फोन बंद कर दिया। इस व्यवहार से परिजनों को शक हुआ।
कोटा पहुंचने पर परिजनों ने शव पर गले के निशान देखे और पुलिस में शिकायत दी। इसके बाद रेलवे कॉलोनी थाने में जीरो नंबर एफआईआर दर्ज कर मामला जयपुर भेजा गया।
प्रतापनगर थानाधिकारी पूरणमल यादव के अनुसार, मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने पर दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
मृतका के भाई ने बताया कि आरोपी बार-बार फोन काट रहा था और जयपुर रुकने से बच रहा था, जिससे शक और गहरा गया। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है, जबकि दोनों बच्चे आरोपी के परिवार के पास हैं।