राजस्थान में MLA-इंजीनियर विवाद गहराया: दोनों पक्षों ने लगाए मारपीट के आरोप

राजस्थान: श्रीगंगानगर, विधायक सेवा केंद्र में हुआ विवाद अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। आरयूआईडीपी के सहायक अभियंता जगनलाल बैरवा ने भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी और उनके समर्थकों पर मारपीट व जातिसूचक गालियां देने के आरोप लगाए हैं, वहीं विधायक ने भी अधिकारियों पर हाथापाई का आरोप लगाया है।
‘फोन कर बुलाया, पहुंचते ही मारपीट शुरू’
बैरवा का आरोप है कि उन्हें फोन कर विधायक सेवा केंद्र बुलाया गया था। वे एलएंडटी के प्रोजेक्ट मैनेजर शाहनवाज और इंजीनियर सोहराम के साथ वहां पहुंचे। उनके अनुसार, मौके पर विधायक गाड़ी में बैठे थे और बिना बातचीत किए ही उन्हें थप्पड़ मार दिया। इसके बाद कथित रूप से जातिसूचक गालियां दी गईं और समर्थकों ने उन्हें नीचे गिराकर लात-घूंसों व पाइप से पीटा। बैरवा ने बताया कि इस घटना में उनकी एक आंख को नुकसान पहुंचा है और शरीर पर कई चोटें आई हैं।
‘आरोप निराधार’, एफआईआर की तैयारी
बैरवा ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि वे स्वयं जाकर विधायक से मारपीट क्यों करेंगे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मिलकर विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है। घटना के बाद प्रदेशभर के अभियंताओं में आक्रोश है। श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ सहित कई जिलों में इंजीनियरों ने सामूहिक अवकाश लेकर विरोध जताया। दलित संगठनों ने भी निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
विधायक का पक्ष: ‘अधिकारियों ने की हाथापाई’
दूसरी ओर, विधायक जयदीप बिहाणी ने आरोप लगाया कि बिहाणी कॉलेज स्थित सेवा केंद्र में पेयजल समस्या को लेकर बैठक चल रही थी। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और अधिकारियों ने तैश में आकर उनके साथ हाथापाई की। उनका कहना है कि उनके चेहरे पर थप्पड़ मारा गया, जिससे उनका चश्मा टूट गया।
घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला, वहीं सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। फिलहाल मामले की जांच की मांग तेज हो गई है और दोनों पक्षों के आरोपों के बीच सच्चाई सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।