प्लाईवुड गोदाम में भीषण आग:डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू; अधिकांश सामान जलकर खाक

7

प्लाईवुड गोदाम में भीषण आग:डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू; अधिकांश सामान जलकर खाक

आमेर के दिल्ली रोड स्थित राई की कोठी क्षेत्र में गुरुवार देर रात करीब 12.40 बजे एक प्लाईवुड गोदाम में भीषण आग लग गई। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा।

सूचना मिलते ही आमेर पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब दो दर्जन दमकल वाहनों ने लगभग डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक गोदाम में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो चुका था।

आग की लपटें और धुआं उठता देख बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

स्थानीय निवासी मोहन ने बताया- गोदाम के ऊपर से बिजली के तार जा रहे थे। उनमें बुधवार रात से ही स्पार्किंग हो रही थी। संभवत: वहीं आग का कारण रहा। सबसे पहले आग मेरी पत्नी ने देखी और उसने मुझे नींद से उठाकर घर के बाहर लाई। तब गोदाम से जुड़े लोग और आसपास के लोग आग को बुझाने का प्रयास कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने आग की सूचना पुलिस को दी। जब आग लगी तो शायद गोदाम के अंदर लोग नहीं थे। शुरुआत में स्थानीय लोगों ने बाल्टी और अन्य संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन 15 मिनट में दमकल की गाड़ियां आ गई थी जिन्होंने आग पर काबू पाया।