बीकानेर: तेज रफ्तार रोडवेज बस ने युवक को मारी टक्कर, गंभीर घायल
बीकानेर: तेज रफ्तार रोडवेज बस ने युवक को मारी टक्कर, गंभीर घायल
बीकानेर। नोखा कस्बे के कुम्हारा चौक क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो जाने की खबर सामने आई है, यंहा तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान भोजासर निवासी मनफूल मेघवाल के रूप में हुई है। वह किसी निजी कार्य से नोखा आया हुआ था। इसी दौरान कुम्हारा चौक के पास तेज गति से आ रही रोडवेज बस ने उसे चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल को एंबुलेंस की मदद से नोखा स्थित बागड़ी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए बीकानेर रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।