Rajasthan: CM भजनलाल का वीडियो संदेश, 1 मई से जनगणना 2027 की शुरुआत, प्रदेशवासियों से सहयोग की अपील

post 1927 (1)

जयपुर। राजस्थान में डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार सुबह प्रदेशवासियों के नाम वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने 1 मई 2026 से शुरू होने जा रही ‘जनगणना 2027’ प्रक्रिया को लेकर आमजन से सक्रिय भागीदारी की अपील की है, ताकि राज्य के विकास के लिए सटीक आंकड़े जुटाए जा सकें।

मुख्यमंत्री ने जनगणना की पूरी समय-सीमा स्पष्ट करते हुए बताया कि 1 मई से 15 मई तक नागरिक स्वयं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना कर सकेंगे। इसके बाद 16 मई से 14 जून तक जनगणना कर्मी घर-घर जाकर मकानों का सर्वे और आवश्यक डेटा संग्रह करेंगे।

सीएम शर्मा ने राजस्थान की भौगोलिक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि जनगणना कर्मियों को दूर-दराज और गर्म इलाकों में कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी। ऐसे में प्रदेशवासियों से अपील है कि वे ‘अतिथि देवो भव’ की परंपरा निभाते हुए कर्मियों का सहयोग करें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं।

उन्होंने जोर देकर कहा कि सटीक और सही डेटा ही भविष्य में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और ‘विकसित राजस्थान’ के लक्ष्य को हासिल करने में अहम भूमिका निभाएगा।