‘अमेरिका-इज़रायल मानें शर्तें तो खुलेगा होर्मुज स्ट्रेट’, ईरान के डिप्टी रक्षा मंत्री का सख्त बयान

मध्य पूर्व में तनाव एक बार फिर गहराता नजर आ रहा है, जहां ईरान और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच सीज़फायर के बावजूद हालात सामान्य नहीं हो पाए हैं। दोनों देशों के बीच शर्तों पर सहमति न बनने से शांति समझौता फिलहाल ठप पड़ा है।
इस बीच डोनाल्ड ट्रंप की कड़ी चेतावनियों और नाकेबंदी के जवाब में ईरान ने रणनीतिक रूप से बेहद अहम होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा बंद कर दिया है, जिससे वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ गई है।
ईरान के डिप्टी रक्षा मंत्री रेज़ा तलाई निक ने स्पष्ट किया है कि यह जलमार्ग तभी खोला जाएगा, जब अमेरिका अपनी नाकेबंदी हटाए और इज़रायल लेबनान में सैन्य कार्रवाई रोक दे। उन्होंने कहा कि इन शर्तों के पूरा होने पर सभी अंतरराष्ट्रीय जहाजों को सुरक्षित मार्ग दिया जाएगा।
गौरतलब है कि वैश्विक तेल आपूर्ति का लगभग 20–30% हिस्सा इसी जलमार्ग से गुजरता है, ऐसे में इसके बंद होने से ऊर्जा संकट और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर गंभीर असर पड़ने की आशंका है।
वहीं, ट्रंप प्रशासन ने साफ कर दिया है कि नाकेबंदी तब तक जारी रहेगी, जब तक ईरान होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह से नहीं खोलता। दोनों पक्षों के इस सख्त रुख के चलते कूटनीतिक गतिरोध बना हुआ है और क्षेत्रीय स्थिरता पर खतरा मंडरा रहा है।