Crime News: दिल दहला देने वाली वारदात, छेड़छाड़ की शिकायत करने गए पिता की पीट-पीटकर हत्या

post 1916 (1)

Crime News: अलवर जिले से एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां बेटी के साथ छेड़छाड़ का विरोध करना एक पिता की जान पर भारी पड़ गया। आरोप है कि शिकायत करने गए पिता पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार 19 वर्षीय युवती पढ़ाई के लिए जाती थी, इस दौरान गांव के कुछ युवक लगातार उसका पीछा करते और छेड़छाड़ करते थे। 20 अप्रैल को जब वह अपने पिता के साथ साइकिल ठीक करवाने गई, तभी चार युवकों ने उसके साथ जबरन दोस्ती का दबाव बनाया। मना करने पर आरोपियों ने अशोभनीय टिप्पणियां कीं और बदनाम करने की धमकी दी।

अगले दिन 21 अप्रैल को आरोपियों ने फिर युवती को घेरकर छेड़छाड़ की। किसी तरह बचकर घर पहुंची युवती ने पूरी घटना परिवार को बताई।

शिकायत करने पहुंचे परिजनों पर हमला:-

22 अप्रैल को युवती के पिता और ताऊ आरोपियों के घर शिकायत करने पहुंचे, लेकिन वहां विवाद बढ़ गया। आरोप है कि आरोपियों और उनके परिजनों ने मिलकर दोनों पर लाठियों से हमला कर दिया। इस हमले में युवती के पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।

परिजन उन्हें तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर जयपुर रेफर किया गया। सवाई मान सिंह (SMS) अस्पताल में इलाज के दौरान सोमवार देर रात उनकी मौत हो गई।

पुलिस जांच जारी, आरोपियों की तलाश तेज:-

घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। संबंधित थाने के एसएचओ के अनुसार, मामले में गंभीर धाराएं जोड़ी जा रही हैं और गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।