बीकानेर : ऑपरेशन ‘नीलकंठ’ के तहत पुलिस को मिली बड़ी सफलता, अफीम सप्लायर को दबोचा

बीकानेर : ऑपरेशन ‘नीलकंठ’ के तहत पुलिस को मिली बड़ी सफलता, अफीम सप्लायर को दबोचा
बीकानेर। जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘नीलकंठ’ के तहत अवैध अफीम सप्लायर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारीलाल मीणा तथा वृत्ताधिकारी खाजूवाला अमरजीत सिंह चावला के सुपरविजन में जिले की पूगल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध अफीम सप्लायर को गिरफ्तार किया है, जो कई एनडीपीएस एक्ट मामलों में वांछित था। पुलिस थाना पूगल में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक प्रकरण के अनुसंधान के दौरान, जिसकी जांच दंतौर थानाधिकारी महेश कुमार द्वारा की जा रही है, टीम ने अवैध मादक पदार्थ सप्लायर की तलाश शुरू की। जांच के दौरान आरोपी बबलू बारेठ उम्र 27 वर्ष, निवासी छोटा रावला, रायपुरिया (तहसील गंगरार, जिला चित्तौडगढ़़) को बीकानेर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अन्य मामलों में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और अन्य नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।