Rajasthan : पत्नी ने लगाई कुएं में छलांग, बचाने उतरे पति और देवर की दर्दनाक मौत, जानें पूरा मामला

POST 190 (1)

राजस्थान के भरतपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। कामां क्षेत्र के बादीपुर गांव में सोमवार रात एक पारिवारिक विवाद ने ऐसा भयावह रूप ले लिया कि एक ही परिवार के दो लोगों की जान चली गई, जबकि एक महिला जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।

जानकारी के मुताबिक, बादीपुर निवासी रविंद्र का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में पत्नी घर के पास बने पुराने कुएं तक पहुंची और उसमें कूद गई।

बचाने गए, खुद फंस गए मौत के जाल में:-

पत्नी को बचाने के लिए रविंद्र तुरंत कुएं में कूद गया। दोनों को संकट में देख उसका छोटा भाई रोहित उर्फ तैजी भी बिना देर किए कुएं में उतर गया। लेकिन यह कुआं लंबे समय से बंद था, जिसमें जहरीली गैस जमा होने की आशंका जताई जा रही है। नीचे उतरते ही दोनों भाइयों का दम घुटने लगा।

ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू, लेकिन नहीं बच सकी जान:-

कुएं के पास मची चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रस्सियों की मदद से तीनों को बाहर निकाला। तुरंत उन्हें कामां के राजकीय उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रविंद्र और रोहित को मृत घोषित कर दिया। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

जांच में जुटी पुलिस:-

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया। प्राथमिक जांच में कुएं में जहरीली गैस की संभावना जताई जा रही है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जहां एक साथ दो भाइयों की मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।