बीकानेर: खेत की पानी की कुंड में मिला 25 वर्षीय युवती का शव, जांच में जुटी पुलिस

बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के मोमासर गांव में शनिवार सुबह एक खेत में बनी पानी की कुंड से 25 वर्षीय युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीडूंगरगढ़ उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
मृतका की पहचान अनीता मेघवाल (25) पुत्री पुनाराम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसका शव पड़ोसी खेत में बनी पानी की कुंड में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही श्रीडूंगरगढ़ थाने के एएसआई भगवानराम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।