बीकानेर: कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने छोड़ी सरकारी गाड़ियां, ई-रिक्शा से सफर कर पहुंचे अपने घर; दिया ईंधन बचत का संदेश

post 210 (1)

बीकानेर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत की अपील का असर अब राजस्थान में भी नजर आने लगा है। इसी कड़ी में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने अपने काफिले में कटौती करते हुए सादगी का संदेश दिया। बता दें कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी हाल ही में अपने काफिले को सीमित करने का निर्णय लिया है।

गुरुवार सुबह कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल दिल्ली से ट्रेन के जरिए बीकानेर पहुंचे। रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद उन्होंने परंपरागत लग्जरी काफिले को छोड़ते हुए ई-रिक्शा से घर तक सफर किया। उनके इस कदम को ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

भाजपा नेता दीपक पारीक के अनुसार, केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के काफिले में अब एस्कॉर्ट और अन्य अतिरिक्त वाहन शामिल नहीं किए जाएंगे। साथ ही अनावश्यक गाड़ियों के उपयोग से भी परहेज किया जाएगा। मेघवाल पहले भी अपने सादगीपूर्ण और पर्यावरण हितैषी कदमों के कारण चर्चा में रहे हैं।

मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि “बचत देश की, सुरक्षा पर्यावरण की।” उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सार्वजनिक परिवहन अपनाएं और ईंधन बचत को अपनी जिम्मेदारी समझें।

कार्यक्रमों की बात करें तो बीकानेर पहुंचने के बाद उन्होंने सुजानदेसर में सीएसआर फंड से बने डिजिटल कक्षाओं और स्कूल भवन का लोकार्पण किया। इसके बाद पीबीएम अस्पताल में ब्रेकीथेरेपी यूनिट का उद्घाटन और देशनोक में शाम 5 बजे सांसद निधि से निर्मित कार्यों का लोकार्पण करेंगे।