बीकानेर: बस में यात्रा कर रही महिला बनी चोरों का निशाना, बैग से सोने के जेवरात पार

post 1595 (1)

बीकानेर। बस यात्रा के दौरान एक महिला के बैग से सोने के जेवरात चोरी होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में व्यास कॉलोनी पुलिस थाने में जीरो नंबर की एफआईआर दर्ज की गई है।

पुलिस के मुताबिक वल्लभ गार्डन निवासी अमर सिंह पुत्र हनुमान सिंह राजपूत ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 13 अप्रैल को दोपहर करीब तीन बजे उनकी पत्नी मिंटू कंवर सांगलपुरा से बस में सवार हुई थीं। बस जब रतनगढ़ बस स्टैंड पहुंची तो कंडक्टर ने आगे नहीं जाने की जानकारी दी, जिसके बाद महिला बस से उतर गई।

नीचे उतरकर जब महिला ने अपना बैग चेक किया तो उसमें रखे सोने के जेवरात गायब मिले। अंदेशा है कि सफर के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने मौका पाकर बैग से जेवरात चोरी कर लिए।

चूंकि घटना रतनगढ़ थाना क्षेत्र की है, इसलिए व्यास कॉलोनी पुलिस ने जीरो नंबर की एफआईआर दर्ज कर मामले को संबंधित थाने को ट्रांसफर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

You may have missed