शादी के 4 महीने बाद युवक ने किया सुसाइड, भाई का आरोप- भाभी के जीजा के साथ अवैध संबंध थे
शादी के 4 महीने बाद युवक ने किया सुसाइड, भाई का आरोप- भाभी के जीजा के साथ अवैध संबंध थे
सीकर के जीणमाता थाना इलाके में हर्ष पहाड़ी पर युवक के शव मिलने के मामले में गुरुवार को पोस्टमार्टम करवाया गया। मामले में भाई ने मृतक की पत्नी, पत्नी के जीजा और एक अन्य युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। परिवार का आरोप है कि मृतक की पत्नी का अपने जीजा के साथ अवैध संबंध था। इसको लेकर लगातार मृतक को परेशान किया जा रहा था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दरअसल, सीकर जिले के दादिया थाना इलाके का रहने वाला 27 साल का युवक घर पर कहकर गया था कि वह हॉस्पिटल जा रहा है। लेकिन वापस नहीं लौटा। ऐसे में उसके भाई ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज करवाई। गुमशुदगी दर्ज करवाने के बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
जहर की शीशी मिली
ऐसे में बीती शाम हर्ष पहाड़ी पर वॉच टावर के पास युवक की बाइक मिली। युवक की बाइक से करीब 200 मीटर दूर युवक का शव पड़ा मिला। उसके पास ही जहर की शीशी भी थी। ऐसे में अंदेशा है कि युवक ने जहर खाकर सुसाइड किया हो। शाम को मृतक के शव को एसके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। आज परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम हुआ।