Weather Update: राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज, मौसम विभाग ने अगले दो हफ्तों के लिए जारी की बड़ी भविष्यवाणी

Weather Update: राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज, मौसम विभाग ने अगले दो हफ्तों के लिए जारी की बड़ी भविष्यवाणी

Rajasthan Weather Update: प्रदेश में मौसम इन दिनों साफ तौर पर बदलाव के दौर से गुजर रहा है। बीते दो दिनों से अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। यह संकेत है कि सर्दी अब धीरे-धीरे विदा हो रही है और मौसम संक्रमण काल में प्रवेश कर चुका है। हालांकि फाल्गुनी बयार अभी पूरी तरह सक्रिय नहीं हुई है, लेकिन उसकी हल्की आहट महसूस होने लगी है।

सुबह और रात के समय हल्की ठंडक बनी हुई है, जबकि दिन में धूप का असर तेज होता जा रहा है। पेड़ों से पत्तों का झड़ना भी इस बदलाव की ओर इशारा कर रहा है, जो पतझड़ के अंतिम चरण को दर्शाता है। मौसम में यह परिवर्तन केवल दिख ही नहीं रहा, बल्कि इसकी अनुभूति भी साफ महसूस की जा सकती है। इसका असर जनजीवन पर भी नजर आने लगा है—दिन में गर्म कपड़े कम हो रहे हैं, लेकिन सुबह और रात के समय अब भी ऊनी कपड़ों की जरूरत बनी हुई है।

हालांकि मौसमी बदलाव की प्रक्रिया अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बादलों की आवाजाही जारी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह में दो बार बादलों का असर देखने को मिल सकता है। यदि प्रभाव थोड़ा मजबूत रहा, तो उदयपुर सहित मेवाड़ अंचल में हल्की बूंदाबांदी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि अब तक पश्चिमी विक्षोभ कमजोर रहने के कारण उदयपुर में मावठ दर्ज नहीं हुई है।

दो हफ्तों में बदलेगा मौसम का मिजाज

फरवरी मध्य से मार्च मध्य के बीच फाल्गुनी बयार का दौर शुरू होता है। इसकी पहचान दिन में सुहावने तापमान और सुबह-शाम की हल्की ठंड से होती है। फिलहाल प्रदेश में मौसम फाल्गुनी बयार से ठीक पहले की स्थिति में है। आने वाले एक से दो सप्ताह में तापमान में और बढ़ोतरी के साथ यह बयार पूरी तरह सक्रिय हो जाएगी।

Scroll to Top