Weather Update : IMD का नया पूर्वानुमान, जानें राजस्थान में 16 से 21 मार्च तक कैसा रहेगा मौसम

post 1091 (1)

Weather Update : राजस्थान में मार्च का आधा महीना बीतने के साथ मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। इसी बीच मौसम विभाग ने ताजा पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार 18 से 21 मार्च के बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक 18 मार्च को जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ आंधी और हल्की बारिश हो सकती है, जबकि राज्य के अन्य अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

विभाग का कहना है कि 19 और 20 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ का असर सबसे अधिक देखने को मिलेगा। इस दौरान जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कई इलाकों में तेज आंधी, मेघगर्जन और कहीं-कहीं बारिश होने के आसार हैं।

बीते 24 घंटों में राज्य के उत्तरी क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई है। वहीं आज उत्तरी-पूर्वी इलाकों में भी मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि बाकी क्षेत्रों में मौसम सामान्य रूप से शुष्क रह सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार 16 और 17 मार्च को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।