Weather Update: राजस्थान में शीतलहर का कहर, मौसम विभाग ने 10 जिलों में किया येलो अलर्ट जारी

post 82

Weather Update: राजस्थान में शीतलहर का कहर, मौसम विभाग ने 10 जिलों में किया येलो अलर्ट जारी

जयपुर। प्रदेश में ठंड का असर लगातार बना हुआ है। रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। सोमवार को 15 शहरों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से कम रहा। माउंट आबू और फतेहपुर में लगातार दूसरे दिन पारा माइनस में दर्ज किया गया। माउंट आबू में रात का न्यूनतम तापमान माइनस 1 डिग्री रहा, जबकि फतेहपुर में माइनस 0.4 डिग्री रहा।

सात शहरों में तापमान जमाब बिंदु के करीब रहा। मौसम केन्द्र के अनुसार सोमवार को झुंझुनूं, सीकर, चूरू और डीडवाना-कुचामन में शीतलहर का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, मंगलवार को अलवर, भरतपुर, डीग, झुंझुनूं, करौली, सीकर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

कड़ाके की ठंड ने जनजीवन के साथ-साथ फसलों को भी प्रभावित किया है। नागौर में रविवार रात पाले के कारण सैकड़ों हेक्टेयर में खड़ी चना, तारामीरा, रायड़ा और सरसों की फसलें नष्ट हो गईं। नवलगढ़ में सोमवार को पाले के कारण टमाटर, मिर्ची, बैंगन जैसी सब्जियों की फसलें बर्बाद हुईं, जबकि सरसों और चना की फसलें भी भारी नुकसान झेल रही हैं।

मौसम केन्द्र की ओर से जिलों में रेड और यलो अलर्ट के मद्देनजर जिला प्रशासन को अलर्ट भेजा जाता है। साथ ही, सर्दी से बचाव और फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सलाह भी दी जाती है। इसके आधार पर जिला कलक्टर आवश्यक कदम उठाते हैं।