Viral: भगवान सांवरिया सेठ के लिए भक्त ने तैयार किया शुद्ध चांदी का आधार कार्ड, अनोखी कलाकारी सोशल मीडिया पर वायरल

Viral: भगवान सांवरिया सेठ के लिए भक्त ने तैयार किया शुद्ध चांदी का आधार कार्ड, अनोखी कलाकारी सोशल मीडिया पर वायरल

Silver Aadhar Card Of Sanwariya Seth: आस्था और शिल्पकला की पहचान माने जाने वाले राजस्थान में भक्ति से जुड़ी अनोखी पहलें अक्सर देखने को मिलती हैं। इसी क्रम में भीलवाड़ा जिले के आसींद कस्बे से एक अनोखा मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर खासा ध्यान खींचा है। यहां के स्वर्ण कलाकार धनराज सोनी ने मेवाड़ के आराध्य भगवान श्री सांवरिया सेठ के लिए शुद्ध चांदी से विशेष ‘आधार कार्ड’ तैयार किया है।

यह आधार कार्ड पूरी तरह से चांदी से निर्मित है और पहली नजर में देखने पर बिल्कुल सरकारी आधार कार्ड जैसा प्रतीत होता है। कार्ड पर भारत का राष्ट्रीय प्रतीक अशोक स्तंभ अंकित किया गया है, वहीं भगवान सांवरिया सेठ की आकर्षक छवि को बेहद बारीकी से उकेरा गया है। कलाकार ने इसमें सूक्ष्म नक्काशी और संतुलित डिजाइन का विशेष ध्यान रखा है।

आधार कार्ड में अंकित विवरण:-

इस चांदी के आधार कार्ड पर भगवान सांवरिया सेठ का नाम दर्ज है। लिंग के कॉलम में ‘पुरुष’ लिखा गया है, जबकि जन्म तिथि के रूप में ‘भाद्रपद कृष्ण अष्टमी 3112 ईसा पूर्व’ अंकित की गई है, जिसे भगवान श्रीकृष्ण के अवतरण दिवस के रूप में माना जाता है।

भक्ति से जुड़ा अनोखा विचार:-

धनराज सोनी का कहना है कि वे भगवान सांवरिया सेठ के परम भक्त हैं और लंबे समय से अपने आराध्य के लिए कुछ विशेष करने की इच्छा रखते थे। इसी भावनात्मक जुड़ाव के चलते उन्होंने चांदी का आधार कार्ड बनाने का विचार साकार किया। उनके अनुसार यह कृति श्रद्धा और पहचान, दोनों का प्रतीक है।

जैसे ही इस चांदी के आधार कार्ड की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आईं, वे तेजी से वायरल हो गईं। सावरिया सेठ के भक्त इस अनोखी कलाकारी और कलाकार की सोच की खुलकर सराहना कर रहे हैं।

Scroll to Top