जयपुर में IPL 2026 को लेकर अनिश्चितता, BCCI की टीम नहीं पहुंची, सवालों के घेरे में मुकाबले

post 677 (1)

जयपुर में IPL 2026 को लेकर अनिश्चितता, BCCI की टीम नहीं पहुंची, सवालों के घेरे में मुकाबले

IPL 2026 : जैसे-जैसे Indian Premier League 2026 नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह बढ़ता जा रहा है। राजस्थान में भी आईपीएल को लेकर जबरदस्त उत्सुकता है, लेकिन जयपुर में मुकाबले होंगे या नहीं, इस पर अभी भी संशय बना हुआ है। अब तक न तो Board of Control for Cricket in India (बीसीसीआई) की निरीक्षण टीम यहां पहुंची है और न ही खेल परिषद या Rajasthan Cricket Association (आरसीए) की ओर से कोई स्पष्ट संकेत मिला है।

सूत्रों के मुताबिक, बीसीसीआई की टीम मंगलवार को जयपुर आने वाली थी, लेकिन अधिकारी इंतजार करते रह गए और टीम नहीं पहुंची। इससे गुलाबी नगरी में आईपीएल मुकाबलों के आयोजन को लेकर अनिश्चितता और गहरा गई है। हालांकि, अभी तक आधिकारिक शेड्यूल जारी नहीं हुआ है और राज्य सरकार व संबंधित अधिकारी मैचों की मेजबानी के लिए प्रयासरत हैं।

राजस्थान रॉयल्स की हिचकिचाहट:-

आईपीएल फ्रेंचाइजी Rajasthan Royals (आरआर) की जयपुर में खेलने को लेकर कथित अरुचि के पीछे कई कारण बताए जा रहे हैं। इनमें आरसीए में आंतरिक विवाद, Sawai Mansingh Stadium (एसएमएस स्टेडियम) के नॉर्थ स्टैंड की सुरक्षा संबंधी आपत्तियां, मैचों के दौरान फ्री पास की मांग, स्टेडियम के एमओयू से जुड़े मुद्दे और पिछले सीजन में लगे आरोप शामिल हैं। पहले कराए गए सुरक्षा सर्वे में भी कुछ कमियां बताई गई थीं।

मुख्य सचिव ने लिखा बीसीसीआई को पत्र:-

राज्य के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने हाल ही में बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया को पत्र लिखकर जयपुर में आईपीएल आयोजन का आग्रह किया है। पत्र में उन्होंने बीसीसीआई से निरीक्षण टीम भेजकर व्यवस्थाओं का जायजा लेने का अनुरोध किया। साथ ही बताया कि एसएमएस स्टेडियम की दो स्वतंत्र और विश्वसनीय एजेंसियों से जांच कराई गई है, जिन्होंने इसे आईपीएल मैचों के लिए उपयुक्त माना है। राज्य सरकार ने सुरक्षा और अन्य सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया है।

उधर, आरसीए के संयोजक डीडी कुमावत ने पूरे घटनाक्रम पर अनभिज्ञता जताई है। ऐसे में अब सबकी निगाहें बीसीसीआई के फैसले और आधिकारिक शेड्यूल पर टिकी हैं कि आखिर जयपुर को इस बार आईपीएल की मेजबानी मिलती है या नहीं।

You may have missed