दर्दनाक हादसा: दुकान से उठी आग की लपटें कमरे तक पहुंची, बेड पर सो रहा रिटायर्ड टीचर जिंदा जला
पाली। राजस्थान के पाली जिले में देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। शहर के भैरूघाट इलाके में स्थित एक जनरल स्टोर में अचानक आग लग गई, जिसकी लपटें ऊपर बने कमरे तक पहुंच गईं। कमरे में सो रहे एक रिटायर्ड शिक्षक की आग में झुलसने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
पुलिस के अनुसार शनिवार रात करीब 2:30 बजे होमगार्ड को सूचना मिली कि भैरूघाट में स्थित अमित जनरल स्टोर में आग लग गई है। इसके बाद दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग बुझने से पहले ही रिटायर्ड टीचर की मौत:-
दुकान में लगी आग कुछ ही समय में ऊपर बने कमरे तक फैल गई। उस समय कमरे में रिटायर्ड शिक्षक राजेंद्र कुमार शर्मा पुत्र जीवनदास सो रहे थे। धुएं और आग की चपेट में आने से वे बेहोश हो गए और बुरी तरह झुलस गए। दमकलकर्मियों ने आग बुझाकर जब उन्हें बाहर निकाला, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका:-
आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान और कमरे में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग बुझाने से पहले सुरक्षा के लिहाज से मकान की बिजली सप्लाई बंद करवाई गई थी।
दूसरे कमरे में सो रहा था परिवार:-
घटना के समय मृतक का बेटा अमित अपनी पत्नी और बच्चे के साथ दूसरे कमरे में सो रहा था। सौभाग्य से आग उस कमरे तक नहीं पहुंची, जिससे परिवार के अन्य सदस्य सुरक्षित बच गए। हालांकि इस दौरान अमित हल्का झुलस गया, जिसे इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।