बीकानेर में सलवार सूट पहनाकर बदमाशों का निकाला जुलूस

2

बीकानेर में सलवार सूट पहनाकर बदमाशों का निकाला जुलूस

बीकानेर। लूट, मारपीट और पत्थरबाजी जैसे गंभीर मामलों में शामिल 5 आदतन बदमाशों का बीकानेर पुलिस ने बुधवार की दोपहर जुलूस निकाला। बदमाशों को महिलाओं के कपड़े पहनाए गए। उन्हें शहर के कई स्थानों पर घुमाया गया। जिले के कोटगेट थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य यह संदेश देना है कि लगातार अपराध में शामिल रहने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। थानाधिकारी के अनुसार- पांचों बदमाशों की लंबे समय से तलाश थी। ऐसे में उन्हें गिरफ्तार करते ही शहर में कानून का डर, आमजन में सुरक्षा का भरोसा का ध्येय रखते हुए जुलूस निकालने का फैसला किया गया। बदमाशों को सलवार सूट और चुन्नी पहनाकर जुलूस निकाला गया। इस दौरान बदमाश चुन्नी से अपना मुंह छिपाते हुए दिखाई दिए। थानाधिकारी ने कहा कि शहर में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। दोपहर करीब 2 बजे पांचों बदमाशों को कोटगेट थाना क्षेत्र से करीब 3 किलोमीटर तक पैदल चलाया गया। इस दौरान व्यापारियों और लोगों की भीड़ भी मौजूद रही। लोगों ने बदमाशों के जुलूस को देखा तो पुलिस प्रशासन जिंदाबाद के नारे भी लगाए। जुलूस के दौरान सीओ सिटी अनुज डाल, कोटगेट थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह शेखावत सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई अपराधियों के मन में कानून का भय पैदा करने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से की गई है।