बीकानेर के इस कैफे पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, अवैध केबिन हटाए गए, दो युवक गिरफ्तार

post 869

बीकानेर के इस कैफे पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, अवैध केबिन हटाए गए, दो युवक गिरफ्तार

Bikaner News: बीकानेर, रानी बाजार क्षेत्र के पट्टी पेड़ा इलाके में स्थित एक कैफे पर मंगलवार को कोटगेट पुलिस ने दबिश देकर कार्रवाई की। एसएचओ धीरेंद्र सिंह शेखावत के नेतृत्व में पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची, तो ‘वेल इन टाइम’ नामक कैफे बाहर से ताले में बंद मिला। पुलिस ने ताला खुलवाकर अंदर प्रवेश किया, जहां छोटे-छोटे केबिन बने हुए पाए गए। इन केबिनों में कुछ युवक-युवतियां बैठे मिले।

पुलिस ने मौके पर मौजूद युवतियों को समझाइश देकर छोड़ दिया, जबकि दो युवकों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही कैफे के भीतर बनाए गए सभी केबिनों को मौके पर ही हटवा दिया गया।

पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के दौरान कैफे से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है, जिससे वहां संदिग्ध गतिविधियों के संचालन की आशंका जताई जा रही है। कैफे संचालक को सख्त चेतावनी दी गई है कि भविष्य में इस तरह की गतिविधियां दोबारा सामने आईं तो कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि इससे पहले भी कोटगेट पुलिस द्वारा शहर के एक अन्य कैफे में इसी प्रकार की कार्रवाई करते हुए केबिन हटाए गए थे। इसके बावजूद शहर में कुछ कैफे अब भी खुलेआम संचालित हो रहे हैं, जहां नशा परोसने और आपत्तिजनक गतिविधियों के लिए पैसों के बदले सुरक्षित केबिन उपलब्ध कराने के आरोप लगते रहे हैं। ऐसे में सवाल यह है कि इन गतिविधियों पर प्रभावी रोक आखिर कब लगेगी।