बीकानेर संभाग: शादी की खुशी में चली गोली, युवक पर हथौड़े से हमला

7

बीकानेर संभाग: शादी की खुशी में चली गोली, युवक पर हथौड़े से हमला

श्रीगंगानगर जिले के चूनावढ़ थाना क्षेत्र के गांव 9 जी छोटी में शादी की खुशी उस समय दहशत में बदल गई जब युवक ने पहले अवैध पिस्तौल से फायरिंग की और बाद में एक युवक के सिर पर हथौड़ा मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को पहले चूनावढ़ स्थानीय सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे श्रीगंगानगर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले में मां-बेटे के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच एएसआई उदयभान द्वारा की जा रही है।

पुलिस के अनुसार 65 साल के मनजीत कौर पत्नी बिल्ला सिंह निवासी 9 जी छोटी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि उनके पौते सुखचैन सिंह का विवाह में जागो की रस्म के दौरान घर में नाच-गाने का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान अनूपगढ़ थाना क्षेत्र के बांडा निवासी काका सिंह और उसकी माता कुलविन्द्र कौर भी समारोह में मौजूद थे। आरोप है कि काका सिंह शराब के नशे में था और नाचते समय लड़कियों के साथ अभद्र हरकत करने लगा, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। परिवार के लोगों ने समझाइश कर मामला शांत कराया, लेकिन जाते समय दोनों ने बारात रोकने और सबक सिखाने की धमकी दी।

परिजनों के अनुसार बारात वाले दिन कोई घटना नहीं हुई, लेकिन उसी रात शादी की खुशी में घर पर चल रही पार्टी के दौरान काका सिंह ने देसी रिवाल्वर से दो फायर कर दिए। परिवार ने इसे हवाई फायरिंग समझकर नजर अंदाज कर दिया। कुछ देर बाद वह बाहर से हथौड़ा लेकर आया और मनजीत कौर के बेटा जसकरण सिंह के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी युवक को पुलिस ने राउंडअप कर लिया था।