राजस्थान के सरकारी स्कूल में शर्मनाक मामला, स्कूल परिसर में पक रहा था मीट और सेंकी जा रहीं थी रोटियां, चिकन पार्टी का वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप
सवाईमाधोपुर: गंगापुरसिटी ब्लॉक क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक विद्यालय तालाब ढाणी, हिंगोटया से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। विद्यालय परिसर में मीट और रोटियां पकाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। आरोप है कि बच्चों को बिना किसी पूर्व सूचना के छुट्टी देकर विद्यालय में कथित रूप से चिकन पार्टी आयोजित की गई।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को स्कूल में अचानक बच्चों की छुट्टी कर दी गई। इसी दौरान ग्रामीणों ने देखा कि विद्यालय का मुख्य गेट अंदर से बंद था। शक होने पर कुछ ग्रामीण दीवार फांदकर अंदर पहुंचे, जहां संस्था प्रधान अमर सिंह मीना कुर्सी पर बैठे मिले।
वहीं, भोजन कक्ष में एक व्यक्ति चूल्हे पर टिक्कड़ बनाता नजर आया और भगोने में मीट पक रहा था। जब ग्रामीणों ने इस संबंध में संस्था प्रधान से सवाल किए तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि संस्था प्रधान की स्थिति सामान्य नहीं लग रही थी। पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया गया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।

ग्रामीणों में आक्रोश:-
घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी नाराजगी देखने को मिली। उनका कहना है कि शिक्षा के मंदिर में इस तरह की गतिविधियां पूरी तरह अस्वीकार्य हैं। उन्होंने बच्चों के संस्कार और भविष्य से जुड़ा मामला बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप:-
वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया। जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक देवीलाल मीना ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही जांच रिपोर्ट तलब की गई है और रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, स्थानीय शिक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे थे, लेकिन उस समय वहां कोई मौजूद नहीं मिला।
विद्यालय स्टाफ की स्थिति:-
जानकारी के मुताबिक विद्यालय में कुल चार स्टाफ सदस्य हैं। इनमें से दो शिक्षक बीएलओ ड्यूटी पर थे, एक अवकाश पर था, जबकि संस्था प्रधान अकेले विद्यालय में उपस्थित थे। रसोई में बन रहे भोजन की मात्रा को देखते हुए करीब आधा दर्जन लोगों के लिए व्यवस्था होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि शीतकालीन अवकाश के चलते कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों की छुट्टी पहले से घोषित थी, लेकिन विद्यालय स्टाफ को नियमित रूप से उपस्थित रहने के निर्देश जारी किए गए थे।
जांच कमेटी गठित:-
जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


