Save Aravlli: अवैध खनन के खिलाफ सीएम भजनलाल का बड़ा फैसला, राजस्थान के 20 जिलों में 29 दिसम्बर-15 जनवरी तक चलेगा विशेष अभियान
Save Aravlli: अवैध खनन के खिलाफ सीएम भजनलाल का बड़ा फैसला, राजस्थान के 20 जिलों में 29 दिसम्बर-15 जनवरी तक चलेगा विशेष अभियान
Save Aravalli : राजस्थान, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अरावली पर्वतमाला क्षेत्र में अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए 20 जिलों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वन एवं पर्यावरण, खान, राजस्व और पुलिस विभाग आपसी समन्वय से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि अरावली के प्राकृतिक स्वरूप से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने पर्वतमाला क्षेत्र में सघन पौधारोपण को गंभीरता से लेने पर जोर देते हुए बताया कि अरावली को हरा-भरा बनाने के लिए 250 करोड़ रुपए की हरित अरावली विकास परियोजना तैयार की गई है।
29 दिसंबर से 15 जनवरी तक चलेगा विशेष अभियान
शनिवार को मुख्यमंत्री निवास पर वन एवं पर्यावरण तथा खान विभाग की समीक्षा बैठक में सीएम भजनलाल ने निर्देश दिए कि अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई के ठोस और दिखाई देने वाले परिणाम सामने आने चाहिए। यह विशेष अभियान 29 दिसंबर से 15 जनवरी तक चलेगा।
अरावली क्षेत्र में नए खनन पर पूर्ण प्रतिबंध:-
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि अरावली क्षेत्र में किसी भी प्रकार के नए खनन की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस संबंध में केंद्र सरकार द्वारा जारी निर्देश पूरे अरावली भू-भाग में समान रूप से लागू होंगे।
एसआईटी की बैठक तुरंत कराने के निर्देश:-
प्रमुख खान सचिव टी. रविकांत ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में तत्काल एसआईटी की बैठक आयोजित कराने को कहा। अभियान की नियमित मॉनिटरिंग उदयपुर मुख्यालय से की जाएगी, जिसकी निगरानी स्वयं प्रमुख सचिव करेंगे।
32 हजार हेक्टेयर में होगा सघन पौधारोपण:-
हरित अरावली विकास परियोजना के तहत अरावली क्षेत्र के जिलों में 32 हजार हेक्टेयर भूमि पर सघन पौधारोपण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सुप्रीम कोर्ट और सीईसी की गाइडलाइंस के अनुसार ही खनन लीज जारी कर रही है।