पैट कमिंस के अंदाज में सैम करन की हुंकार, टीम इंडिया को दी खुली चुनौती; पढ़े पूरी खबर
आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल आज मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां भारत और इंग्लैंड की टीमें खिताबी जंग से सिर्फ एक कदम दूर आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों का प्रदर्शन इस टूर्नामेंट में दमदार रहा है। भारत और इंग्लैंड—दोनों ने अब तक सिर्फ एक-एक मुकाबला गंवाया है और दिलचस्प बात यह है कि जिन टीमों से उन्हें हार मिली, वे अब टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी हैं।
इंग्लैंड को वेस्टइंडीज ने हराया था, जबकि भारतीय टीम को साउथ अफ्रीका ने हराया था और साउथ अफ्रीका को न्यूजीलैंड ने हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। ऐसे में दोनों टीमों का मनोबल मजबूत नजर आ रहा है।
दो-दो बार चैंपियन रह चुकी हैं टीमें:-
भारत और इंग्लैंड दोनों टी20 वर्ल्ड कप का खिताब दो-दो बार जीत चुकी हैं, इसलिए मुकाबले के बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है। मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में दर्शकों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिल सकता है।
मुकाबले से पहले इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन ने बयान देकर मैच का रोमांच बढ़ा दिया है। उन्होंने बताया कि कई खिलाड़ी आईपीएल में खेलते हैं और वानखेड़े की पिच को अच्छी तरह जानते हैं। सैम करन ने कहा, “वानखेड़े एक आइकॉनिक स्टेडियम है। यहां दर्शकों का शोर शानदार होगा, लेकिन हम उन्हें शांत कराने की कोशिश करेंगे।”
उन्होंने आगे कहा कि भारत के खिलाफ वर्ल्ड कप सेमीफाइनल खेलना हर युवा खिलाड़ी का सपना होता है। वानखेड़े की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार रहती है और मैदान छोटा है, इसलिए हाई-स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद है।
गौरतलब है कि इससे पहले 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल से पहले पैट कमिंस ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारतीय फैंस को शांत करने की बात कही थी, जो बाद में सच साबित हुई। वहीं 2025 महिला वर्ल्ड कप के दौरान लौरा वोल्वार्ड्ट ने मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में ऐसा दावा किया था, लेकिन भारतीय महिला टीम ने शानदार जीत दर्ज की थी।
टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, रिंकू सिंह और वाशिंगटन सुंदर।
टी20 वर्ल्डकप के लिए इंग्लैंड की टीम:-
फिलिप सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, रेहान अहमद, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, बेन डकेट, ल्यूक वुड, जोश टंग और जेमी ओवरटन।