RR vs MI: राजस्थान रॉयल्स के ये 5 स्टार खिलाड़ी, जो मुंबई इंडियंस के लिए बन सकते हैं बड़ी चुनौती

RR vs MI: आईपीएल 2026 के 13वें मुकाबले में मंगलवार को राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में मुकाबला खेला जाएगा। राजस्थान की टीम इस सीजन शानदार फॉर्म में है और अपने शुरुआती दोनों मैच जीत चुकी है, जबकि मुंबई इंडियंस को पिछले मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था।
मुंबई के पास भले ही स्टार बल्लेबाज और गेंदबाजों की भरमार हो, लेकिन राजस्थान के कुछ खिलाड़ी ऐसे हैं जो इस मैच में एमआई के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं।
वैभव सूर्यवंशी का तूफानी अंदाज:-
युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी जबरदस्त फॉर्म में हैं। उन्होंने सीएसके के खिलाफ 17 गेंदों में 52 रन और गुजरात टाइटंस के खिलाफ 18 गेंदों में 31 रन बनाए। पावरप्ले में उनकी आक्रामक बल्लेबाजी मुंबई के गेंदबाजों पर भारी पड़ सकती है।
यशस्वी जायसवाल की निरंतरता:-
वैभव के साथ ओपनिंग करने वाले यशस्वी जायसवाल भी शानदार लय में नजर आ रहे हैं। गुजरात के खिलाफ उन्होंने 36 गेंदों में 55 रन बनाए। उनकी बल्लेबाजी में आक्रामकता के साथ समझदारी भी दिख रही है, जो टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचा सकती है।
ध्रुव जुरेल का दमदार प्रदर्शन:-
नंबर तीन पर ध्रुव जुरेल टीम के लिए अहम कड़ी साबित हो रहे हैं। गुजरात के खिलाफ उन्होंने 42 गेंदों में 75 रन की शानदार पारी खेली। जुरेल तेजी से रन बनाने के साथ पारी को संभालने की क्षमता भी रखते हैं।
रवि बिश्नोई की फिरकी का जादू:-
स्पिनर रवि बिश्नोई शानदार फॉर्म में हैं। पिछले मैच में उन्होंने 4 विकेट झटके थे और इस सीजन में अब तक 5 विकेट लेकर पर्पल कैप अपने नाम कर चुके हैं। उनकी गेंदबाजी मिडिल ओवर्स में मुंबई के बल्लेबाजों को परेशान कर सकती है।
जोफ्रा आर्चर का डेथ ओवर कमाल:-
तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने भी दोनों मैचों में प्रभाव छोड़ा है। खासतौर पर डेथ ओवर्स में उनकी सटीक गेंदबाजी राजस्थान के लिए बड़ी ताकत है। गुजरात के खिलाफ 19वें ओवर में सिर्फ 4 रन देकर उन्होंने मैच जिताने में अहम भूमिका निभाई थी।