RPSC: आरपीएससी भर्ती कैलेंडर 2026 जारी, जनवरी में होंगी लेक्चरर व डिप्टी कमांडेंट की भर्ती परीक्षा

POST 10

RPSC: आरपीएससी भर्ती कैलेंडर 2026 जारी, जनवरी में होंगी लेक्चरर व डिप्टी कमांडेंट की भर्ती परीक्षा

RPSC Exam Calendar 2026: राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली भर्ती परीक्षाओं का संभावित परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। यह कैलेंडर जनवरी से दिसंबर 2026 तक होने वाली परीक्षाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, ताकि अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके।

RPSC की भर्ती परीक्षाओं की शुरुआत 11 जनवरी 2026 से होगी। पहले दिन डिप्टी कमांडेंट भर्ती परीक्षा-2025 आयोजित की जाएगी, जबकि 12 जनवरी को आयुष विभाग में लेक्चरर पद की परीक्षा होगी। आयोग के अनुसार वर्ष 2026 में कुल 21 भर्ती परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।

जारी कैलेंडर के मुताबिक इन परीक्षाओं में लगभग 25 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। आयोग ने 26 अप्रैल, 3 मई, 29 नवंबर, 6 दिसंबर और 27 दिसंबर 2026 की तिथियां अन्य परीक्षाओं के लिए आरक्षित रखी हैं, जिनका विस्तृत कार्यक्रम बाद में घोषित किया जाएगा। RPSC अध्यक्ष उत्कल रंजन साहू ने बताया कि परीक्षाओं की प्रक्रिया 11 जनवरी से प्रारंभ होगी।

करीब 6 साल बाद फिर होगी कंप्यूटर आधारित परीक्षा:-

RPSC परीक्षा कैलेंडर 2026 की बड़ी खासियत यह है कि आयोग लगभग छह वर्ष बाद एक बार फिर कंप्यूटर आधारित परीक्षा प्रणाली (CBT) लागू करने जा रहा है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार वर्ष 2026 में दो परीक्षाएं ऑनलाइन माध्यम से आयोजित की जाएंगी।

RPSC 2026 प्रस्तावित भर्ती परीक्षाएं (संक्षेप में):-

डिप्टी कमांडेंट परीक्षा 11 जनवरी 2026 को होगी, जबकि आयुष विभाग में लेक्चरर परीक्षा 12 जनवरी को आयोजित की जाएगी। 1 फरवरी को सहायक विद्युत निरीक्षक (CBRT मोड) और जूनियर केमिस्ट परीक्षा होगी। मार्च में सहायक अभियंता (मुख्य) परीक्षा, अप्रैल में सब-इंस्पेक्टर/प्लाटून कमांडर, पशुचिकित्सा अधिकारी और सहायक कृषि अभियंता की परीक्षाएं प्रस्तावित हैं।

इसके अलावा मई, जून और जुलाई में लेक्चरर, सीनियर टीचर और जूनियर लीगल ऑफिसर की परीक्षाएं होंगी। अगस्त, सितंबर और अक्टूबर में सांख्यिकी अधिकारी, कारखाना एवं बॉयलर निरीक्षक तथा सहायक निदेशक व वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। नवंबर और दिसंबर में संरक्षण अधिकारी सहित अन्य परीक्षाओं के लिए तिथियां आरक्षित रखी गई हैं।

आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे आधिकारिक वेबसाइट पर समय-समय पर जारी होने वाली सूचनाओं पर नजर बनाए रखें और अपनी तैयारी कैलेंडर के अनुसार सुनिश्चित करें।

You may have missed