REET: कल से राजस्थान अध्यापक भर्ती परीक्षा शुरू, ये नियम भूल गए तो छूट सकती है परीक्षा
REET: राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आयोजित तृतीय श्रेणी अध्यापक भर्ती की रीट मुख्य परीक्षा 17 जनवरी से शुरू होकर 20 जनवरी तक चलेगी। चार दिवसीय इस परीक्षा में प्रदेशभर से लगभग 9.54 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। बोर्ड के तय कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा दो पारियों में आयोजित की जाएगी। पहली पारी सुबह 10:00 बजे से 12:30 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगी।
REET परीक्षा शेड्यूल:
17 जनवरी: लेवल-प्रथम (जनरल)
18 जनवरी: लेवल-द्वितीय (साइंस-मैथ्स व सोशल स्टडी)
19 जनवरी: लेवल-द्वितीय (हिंदी व अंग्रेजी)
20 जनवरी: लेवल-द्वितीय (संस्कृत)
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत लेवल-1 के 5636 और लेवल-2 के 2123 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। परीक्षा का परिणाम 10 जुलाई 2026 को जारी किया जाएगा, जिसके बाद मेरिट के आधार पर अंतिम पोस्टिंग दी जाएगी।
REET Mains: समय को लेकर सख्ती
बोर्ड ने परीक्षा के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर कम से कम दो घंटे पहले पहुंचने की सलाह दी गई है, क्योंकि सुरक्षा जांच में समय लगता है।परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले गेट बंद कर दिए जाएंगे और इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा समाप्ति के बाद उम्मीदवार प्रश्न पत्र बुकलेट और ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी अपने साथ ले जा सकेंगे। परीक्षा केंद्र पर ई-प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड या फोटोयुक्त पहचान पत्र लाना अनिवार्य रहेगा।
REET Mains Dress Code:
- पुरुष अभ्यर्थी: शर्ट, टी-शर्ट, कुर्ता-पायजामा या पैंट पहन सकते हैं।
- महिला अभ्यर्थी: सलवार-सूट, साड़ी, कुर्ता या साधारण शर्ट पहन सकती हैं। बालों में केवल सादा रबर बैंड मान्य होगा।
- ठंड को ध्यान में रखते हुए कोट या स्वेटर की अनुमति है, लेकिन जांच के दौरान कोट या स्वेटर को उतारना पड़ सकता है।
- पतली कांच की चूड़ियां, सादा कलावा या बिना मेटल का जनेऊ मान्य रहेगा।
- स्लीपर, सैंडल, जूते और मोजे पहन सकते हैं, जो टखने तक के हों।
- सिख अभ्यर्थियों को धार्मिक प्रतीकों के साथ परीक्षा में बैठने की अनुमति होगी, लेकिन उन्हें समय से पहले पहुंचना होगा।
REET Exam 2026: इन चीजों पर प्रतिबंध
परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। जीन्स पहनना वर्जित है, हालांकि जीन्स पहनकर आने वाले अभ्यर्थियों को रोका नहीं जाएगा, लेकिन उनकी कड़ी तलाशी ली जाएगी। इसके अलावा गहने, बेल्ट, धूप का चश्मा, बैग, टोपी, स्कार्फ, मफलर और मेटल वाले जूते पहनकर प्रवेश नहीं मिलेगा।


