Rajasthan Water Crisis : एक ही दिन में अफसरों ने दुरुस्त कराए हैंडपंप, ₹11,200 करोड़ से जल संरक्षण मिशन को रफ्तार

post 1366 (1)

Rajasthan Water Crisis : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर रविवार को पूरे राजस्थान में विशेष अभियान चलाकर खराब पड़े हैंडपंपों को दुरुस्त किया गया। इस अभियान में कलक्टर, जिला परिषद के सीईओ, एडीएम, एसडीएम, तहसीलदार और बीडीओ स्तर के अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचे और जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के तकनीकी स्टाफ के साथ मिलकर मरम्मत कार्य करवाया।

अधिकारियों ने गांव-गांव जाकर हैंडपंपों का निरीक्षण किया और कई स्थानों पर तुरंत सुधार कार्य कर पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाया। इसका उद्देश्य गर्मी के मौसम में गांवों और ढाणियों में पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना है। यह अभियान आमजन से जुड़े मामलों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देशों के तहत चलाया गया।

मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0 को मिल रही रफ्तार:-

राज्य में ‘मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0’ के तहत 20 हजार गांवों में करीब 5 लाख वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं बनाने का लक्ष्य तय किया गया है। बजट 2024-25 में इसके लिए 11,200 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इस पहल से कम बारिश, अनियमित मानसून और भू-जल के अत्यधिक दोहन जैसी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।

इस अभियान के अंतर्गत एनिकट, चेक डैम, तालाब और जोहड़ों का निर्माण किया जा रहा है, साथ ही पुराने जल स्रोतों को भी पुनर्जीवित किया जा रहा है। पहले चरण में 349 पंचायत समितियों के 5,135 गांवों में लक्ष्य से अधिक कार्य पूरे किए गए। वहीं दूसरे चरण में भी बड़ी संख्या में कार्य स्वीकृत हो चुके हैं और प्रगति जारी है। तीसरे चरण में बजट 2026-27 के तहत 5 हजार गांवों में नए कार्यों की योजना बनाई गई है।

शिकायत के लिए हेल्पलाइन उपलब्ध:-

पेयजल से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए आमजन Rajasthan Sampark Portal (181) और पीएचईडी हेल्पलाइन (1800-180-6088) पर अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं, जिससे त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।