Rajasthan : 6 दिन में 5 मासूमों की रहस्यमयी मौत से हड़कंप, CM भजनलाल ने दिए सख्त निर्देश

उदयपुर/सलूम्बर। राजस्थान के सलूम्बर जिले के घाटा और लालपुरा गांवों में एक अज्ञात बीमारी ने चिंता बढ़ा दी है। पिछले एक सप्ताह में 5 मासूम बच्चों की अचानक मौत से इलाके में दहशत का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने तत्काल अधिकारियों को स्थिति स्पष्ट करने और बीमारी पर नियंत्रण के लिए युद्धस्तर पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
6 दिन में 5 मौतें, कारण अब तक स्पष्ट नहीं
लालपुरा और घाटा गांवों में बच्चों को पहले हल्का बुखार और कमजोरी की शिकायत हुई। परिजनों ने उन्हें स्थानीय अस्पतालों से लेकर उदयपुर के एमबी अस्पताल तक इलाज के लिए भर्ती कराया, लेकिन उपचार के दौरान 5 बच्चों की मौत हो गई।
मृतक बच्चों में शामिल हैं:
- दीपक (5)
- सीमा (3)
- लक्ष्मण (7)
- राहुल (4)
- काजल
प्रारंभिक लक्षण: हल्का बुखार, शरीर में टूटन और तेजी से बढ़ती कमजोरी।
सीएम का एक्शन, विशेषज्ञ टीम मौके पर
मामले की जानकारी जयपुर पहुंचते ही मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को सख्त निर्देश दिए। उनके निर्देश पर उदयपुर के आरएनटी मेडिकल कॉलेज से विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम प्रभावित गांवों में भेजी गई है।
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए अधिकारियों को 24 घंटे निगरानी रखने और हर स्थिति पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
‘ग्राउंड जीरो’ पर स्वास्थ्य विभाग
स्वास्थ्य विभाग की टीम गांवों में लगातार डेरा डाले हुए है और हर संदिग्ध मामले पर नजर रखी जा रही है।
- सघन स्क्रीनिंग: बुखार के लक्षण वाले सभी बच्चों की जांच
- सैंपलिंग: बच्चों और परिजनों के ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजे गए
- एंटी-लार्वा अभियान: मच्छरजनित बीमारी की आशंका को देखते हुए फॉगिंग और साफ-सफाई अभियान शुरू
परिजनों में आक्रोश, जांच पर सवाल:-
मृतक बच्चों के परिजनों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। उनका आरोप है कि समय पर बीमारी की सही पहचान और उपचार नहीं मिल पाने के कारण बच्चों की जान गई। कुछ परिजनों ने सैंपल देने से भी इनकार किया, जिससे जांच में चुनौतियां सामने आ रही हैं।
प्रशासन की अपील: सावधानी ही बचाव
प्रशासन ने ग्रामीणों से घबराने की बजाय सतर्क रहने की अपील की है।
- पानी उबालकर पीने की सलाह
- आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश
- बच्चों में बुखार या कमजोरी दिखने पर तुरंत अस्पताल ले जाने की अपील
रिपोर्ट के बाद ही होगा खुलासा:-
डॉक्टरों के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह वायरल संक्रमण है, बैक्टीरियल बीमारी है या कोई अन्य कारण।