Rajasthan: सूट-बूट में फर्जी आयकर अधिकारी बनकर व्यापारी से 30 लाख की मांग, चार लाख में सौदा करते आरोपी गिरफ्तार

post 516 (1)

Rajasthan: सूट-बूट में फर्जी आयकर अधिकारी बनकर व्यापारी से 30 लाख की मांग, चार लाख में सौदा करते आरोपी गिरफ्तार

पाली। सूट-बूट, टाई, आंखों पर चश्मा और हाथ में आयकर विभाग जैसी फाइलें… दृश्य किसी फिल्मी कहानी जैसा था, लेकिन मामला हकीकत का निकला। सूरत के ग्लोबल टेक्सटाइल मार्केट में राजस्थान के एक व्यक्ति ने खुद को आयकर अधिकारी बताकर व्यापारी से लाखों रुपये वसूलने की कोशिश की। वराछा पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर उसे पकड़ लिया।

आरोपी की पहचान पाली जिले के बीजापुर निवासी विजय सिंह चौहान (51) के रूप में हुई है। वह दो दिन पहले सूरत पहुंचा था और कतारगाम इलाके में अपने रिश्तेदार के यहां ठहरा हुआ था। यहां आते ही उसने आयकर अधिकारी बनकर ठगी की योजना बनाई।

स्नातक शिक्षित विजय सिंह को टैक्स प्रक्रिया की जानकारी थी, जिसका फायदा उठाकर उसने व्यापारी को टैक्स गड़बड़ी में फंसाने की धमकी दी। पहले 30 लाख रुपये मांगे, बाद में सौदा चार लाख में तय करने की कोशिश की। शिकायत मिलने पर पुलिस ने होटल के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर एक दिन की रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ जारी है।