Rajasthan: पुलिस की साइबर ठगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 9 आरोपी गिरफ्तार, झांसा देकर यूं करते थे ठगी
भरतपुर/डीग : फाइल चार्ज और टैक्स चार्ज के नाम पर आमजन से पहले अग्रिम राशि वसूल कर खातों से रुपये उड़ा लेने वाले साइबर ठगों के गिरोह पर डीग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन एंटीवायरस 2.0 के तहत थाना सीकरी पुलिस ने संगठित रूप से साइबर ठगी को अंजाम दे रहे 9 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी सिम कार्ड और सोशल मीडिया अकाउंट का उपयोग कर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। ऑनलाइन भुगतान करवाते ही आरोपी पल भर में रकम अपने खातों में ट्रांसफर कर लेते थे। जांच में साइबर ठगी के कई अलग-अलग तरीकों का खुलासा हुआ है।
थानाधिकारी सीकरी मुकेश कुमार ने बताया कि साइबर सेल डीग के उप निरीक्षक महेन्द्र सिंह को साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वजीरखेड़ी जंगल स्थित बाघ की पाल क्षेत्र में दबिश दी, जहां आरोपी साइबर ठगी करते हुए रंगे हाथों पकड़े गए।
गिरफ्तार आरोपियों में साहिल, इबरान, मुस्तकीम, जाहिद, सोहील, नाजिम, साबिर, मोहम्मद इरफान और यासिद शामिल हैं। ये सभी अलग-अलग स्थानों के निवासी हैं और मिलकर संगठित गिरोह बनाकर साइबर अपराध कर रहे थे।
ऐसे देते थे ठगी को अंजाम:-
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी चोरी व लूट के मोबाइल फोन में लगी फर्जी सिमों का इस्तेमाल करते थे। इन सिमों से फर्जी व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट बनाए जाते थे। इसके बाद विभिन्न तरीकों से लोगों को ठगा जाता था—
- रेपिडो ऐप पर राइड बुक कर पीड़ितों को दूसरी जगह भेजकर झांसा देना
- अश्लील वीडियो कॉल कर उसकी रिकॉर्डिंग के जरिए ब्लैकमेल करना
- महंगी मोटरसाइकिल सस्ते दामों में बेचने का लालच देना
- होम जॉब के फर्जी विज्ञापन डालकर लोगों से संपर्क साधना
- फाइल चार्ज, टैक्स चार्ज आदि के नाम पर अग्रिम राशि मंगवाना
कमीशन पर निकालते थे रकम:
आरोपी गिरोह के अन्य सदस्यों के माध्यम से फोनपे, गूगलपे और स्कैनर के जरिए पैसे मंगवाते थे और बाद में कमीशन काटकर रकम निकाल लेते थे। जांच में बड़ी संख्या में फर्जी सिम कार्ड रखने का भी खुलासा हुआ है। थाना सीकरी में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों व ठगी की कुल रकम की जानकारी जुटाई जा रही है।


