Rajasthan New Rail Project: भारत-पाक सीमा से सटे इन जिलों में बिछेगी नई रेल लाइनें, डिफेंस कनेक्टिविटी होगी मजबूत

post 1146 (1)

बीकानेर: राजस्थान के भारत-पाकिस्तान सीमा से जुड़े इलाकों में रेलवे नेटवर्क को मजबूत बनाने के लिए बड़े स्तर पर काम तेज हो गया है। इस योजना के तहत बीकानेर, जैसलमेर और बाड़मेर जैसे सीमावर्ती जिलों को नई रेल लाइनों से जोड़ने की तैयारी है। इससे जहां आम लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी, वहीं सैन्य दृष्टि से भी कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संसद में जानकारी देते हुए बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में रेलवे परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि अनूपगढ़ से लेकर बाड़मेर तक शहरों, कस्बों और गांवों को रेल लाइन से जोड़ने का लक्ष्य है, जिससे डिफेंस कॉरिडोर को मजबूती मिलेगी। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर से गुजरात तक भारत-पाकिस्तान सीमा के समानांतर रेलवे नेटवर्क विकसित करने की योजना पर भी काम जारी है।

इन जिलों में कार्य प्रगति पर:-

संसद में अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान वैष्णव ने कहा कि भारतीय रेलवे इस समय तेजी से विस्तार और आधुनिकीकरण के दौर में है। केंद्रीय बजट 2026-27 में 2.78 लाख करोड़ रुपए का रिकॉर्ड आवंटन किया गया है। राजस्थान के बीकानेर, जैसलमेर और बाड़मेर में नई रेल लाइनों के निर्माण कार्य विभिन्न चरणों में आगे बढ़ रहे हैं।

सामरिक और क्षेत्रीय विकास पर फोकस:-

रेल मंत्री ने बताया कि सीमावर्ती इलाकों में कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शुरू की गई हैं, जो न सिर्फ सामरिक दृष्टि से अहम हैं बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी गति देंगी। जम्मू-कश्मीर में बारामूला-उरी रेल विस्तार (डीपीआर), काजीगुंड-बडगाम दोहरीकरण और जम्मू-राजौरी-पुंछ रेल कनेक्टिविटी के लिए सर्वे कार्य जारी है।

इन रूट्स पर बिछेंगी नई लाइनें:-

सरकार उत्तरी और पश्चिमी सीमावर्ती क्षेत्रों में अनूपगढ़-खाजूवाला और जैसलमेर-बाड़मेर-भीलड़ी तक रेल नेटवर्क विकसित कर रही है। इसके तहत अनूपगढ़-बीकानेर के बीच 187 किमी नई रेल लाइन के लिए 2277 करोड़ रुपए की डीपीआर तैयार हो चुकी है, जो स्वीकृति के अंतिम चरण में है।

वहीं जैसलमेर-भाभर/भीलड़ी (बाड़मेर के रास्ते) 380 किमी और खाजूवाला-जैसलमेर 260 किमी रेल लाइन के लिए फाइनल लोकेशन सर्वे का काम जारी है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद सीमावर्ती इलाकों में रेल कनेक्टिविटी और भी मजबूत हो जाएगी।