Rajasthan: झोपड़ी में चल रही मिनी ड्रग्स फैक्टरी का भंडाफोड़, सेटअप देखकर पुलिस भी रह गई हैरान

post 626 (1)

Rajasthan: झोपड़ी में चल रही मिनी ड्रग्स फैक्टरी का भंडाफोड़, सेटअप देखकर पुलिस भी रह गई हैरान

Hut Drug Lab Busted: प्रतापगढ़ जिले में चल रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 किलो 897 ग्राम अवैध एमडी (मेफेड्रोन) जब्त की है। खेत में बनी एक अस्थायी झोपड़ी में ड्रग तैयार करने और सुखाने का मिनी सेटअप संचालित किया जा रहा था। बरामद मादक पदार्थ की बाजार कीमत लगभग 60 लाख रुपये आंकी गई है।

ऐसे हुआ खुलासा:

13 फरवरी को हथुनिया थाना पुलिस नियमित गश्त पर थी। असावता से कुलथाना मार्ग पर सड़क से करीब 150 मीटर अंदर खेत में एक मोटरसाइकिल और कार खड़ी दिखीं। पास ही सीमेंट शीट से बनी झोपड़ी में रोशनी जलती नजर आई। संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी की। मौके पर मौजूद चार में से दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि दो को पकड़ लिया गया।

झोपड़ी में मिला ड्रग निर्माण का सामान:-

अंदर एक ट्रे में गीला मटमैला पदार्थ मिला, जिसे एमडी बताया गया। साथ ही सफेद कपड़ा, जरीकेन, हीटर, इंडक्शन, मिक्सर, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, स्टील-लोहे के बर्तन, सोडा और अन्य उपकरण बरामद हुए। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने दो दिन पहले एमडी तैयार कर उसे सुखाने की प्रक्रिया शुरू की थी।

हथियार भी बरामद:-

पुलिस ने मुराद खान और मोहम्मद जुनेद को गिरफ्तार किया है, जबकि जीवन और शरीक की तलाश जारी है। मुराद खान के कब्जे से एक लोडेड पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस भी मिले। वाहन और अन्य सामान नियमानुसार जब्त कर लिए गए।

पहले भी दर्ज हैं गंभीर मामले:-

मुराद खान के खिलाफ वर्ष 2015 में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज हो चुका है। 2018 में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज था।

दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट व अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत यह कार्रवाई जिले में मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क पर बड़ी चोट है।